Tuesday 13 August 2013



पाक ने दागीं सात हजार गोलियां
 11 Aug 2013 राजौरी, जागरण संवाददाता। पुंछ के चकना-दा-बाग में भारतीय सीमा में घुसकर पांच जवानों की हत्या के बाद उपजा तनाव अभी खत्म नहीं हुआ था, कि पाकिस्तान ने फिर उकसाने वाली हरकत कर डाली। पाक सेना ने ईद की रात पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर समेत आठ भारतीय चौकियों पर सात घंटे तक जमकर गोलीबारी की। इस दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने सात हजार से अधिक गोलियां दागीं और साथ में मोर्टार समेत अन्य भारी हथियारों का इस्तेमाल किया। सेना ने इसे हाल में हुआ 'सबसे बड़ा संघर्ष विराम उल्लंघन' बताया है। खराब मौसम और गोलीबारी की आड़ में आतंकियों को भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करवाने का भी प्रयास किया गया। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद पाकिस्तानी बंदूकें शांत हो गई और घुसपैठिए भी वापस भाग गए। इस गोलीबारी में किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
रक्षा विभाग के प्रवक्ता एसएन आचार्य ने बताया, पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे सबसे पहले कृष्णा घाटी सेक्टर की छज्जा, मान और रोशनी पोस्ट पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पाक सेना ने पुंछ सेक्टर की दुर्गा, लंगूर, एनके के साथ दो अन्य चौकियों पर भी गोलीबारी शुरू कर दी। पाक सेना ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर सुबह छह बजे तक सात हजार से अधिक गोलियां दागीं। भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई में 4595 राउंड फायर किए, जिसमें मीडियम मशीन गन, इनसास राइफल, 11 रॉकेट और 18 मोर्टार शेल शामिल हैं। घटना के बाद पहले से सीमा पर कड़ी चौकसी को और बढ़ा दिया गया है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी सीमा पर पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं। भीषण गोलीबारी की वजह से सीमांत गांवों के लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
गौरतलब है कि पांच अगस्त की रात को पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों के साथ मिलकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर पांच जवानों को शहीद कर दिया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव व्याप्त है। रक्षा मंत्री ने संसद में इस घटना की निंदा करते हुए पाकिस्तानी सेना के व्यवहार को क्रूर और असहनीय कहा था। पांच अगस्त के बाद भी पाकिस्तान उड़ी सेक्टर में तीन बार गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है।



सीमा पाक ने फिर की गोलीबारी, घायल BSF जवान की मौत
August 11, 2013, 22:39  नियंत्रण रेखा, पाक की गोलीबारी, सीमा सुरक्षा बल, जवान की मौत, पुंछ, जम्मू कश्मीर, सांबा, राम निवास मीणा, जवान शहीद सीमा पर पाक ने फिर की गोलीबारी, घायल BSF जवान की मौतनई दिल्ली : जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में पांच अगस्त को सीमा पर गोलीबारी में घायल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की आज यहां अस्पताल में मौत हो गयी। भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डाक्टरों ने बताया कि हेड कांस्टेबल राम निवास मीणा का दिन में साढ़े 12 बजे निधन हो गया। वह जिस दिन पाकिस्तान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घायल हुए थे, उसी दिन उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।

एम्स ट्रामा सेंटर के डॉ. एम सी मिश्रा ने कहा, गोलियां लगने से घायल मीणा ने आज दम तोड़ दिया। उन्हें 100 यूनिट रक्त और रक्त उत्पाद चढ़ाया गया था। बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मीणा का शव बीएसएफ के वाहन से राजस्थान में उनके घर भेज दिया गया। वाहन में शव के साथ उनके परिवार के सदस्य थे। सांबा के रामगढ़ में पांच अगस्त को पाकिस्तान की ओर से दो राउंड गोलियां चलने से मीणा घायल हो गए थे।

पाकिस्तान की ओर से आज की गई गोलीबारी में जम्मू सीमांत क्षेत्र में स्थित अग्रिम चौकी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। पांच भारतीय सैनिकों की हत्या की घटना के बाद सीमा पर व्याप्त तनाव के बीच कुछ दिनों के भीतर संघर्षविराम के उल्लंघन की यह दूसरी घटना है। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘जम्मू सीमा पर अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट अल्फा माचिल बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) क्षेत्र में आज सुबह पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गयी।इस गोलीबारी में बीएसएस का एक जवान पवन कुमार घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पाक की इस हरकत को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया है।

अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी के दौरान बीएसएफ के जवानों ने संयम बरता। पिछले एक सप्ताह के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के जवानों को निशाना बना कर की गयी गोलीबारी की यह दूसरी घटना है। बॉर्डर एक्शन टीम अटैक में पांच जवानों की हत्या के बाद संघर्ष विराम उल्लंघन की एक महत्वपूर्ण घटना में पाकिस्तानी सैनिकों ने कल जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के निकट कई भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए सात घंटे तक भारी पीका गोला बारूद और मोर्टार गोलों के 7000 राउंड चलाए। (एजेंसी)
Source:http://zeenews.india.com/

No comments:

Post a Comment