Friday 20 September 2013




भारत जागो दौड़ से युवाओं में नई उर्जा का संचार
12 Sep 2013 जागरण संवाद केंद्र, कठुआ : स्वामी विवेकानंद सार्धशती समारोह के तहत देशभर की तरह कठुआ में भी बुधवार को 'भारत जागो दौड़' हुई। शहर के रामलीला मैदान में दौड़ शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट आरके गुप्ता और समिति के सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि ने झंडी दिखाकर दौड़ शुभारंभ कराया। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। दौड़ शहीदी चौक, पुराने बस स्टैंड, जराई चौक होते हुए रामलीला मैदान में आकर संपन्न हुई।
समिति के प्रदेश सह संयोजक डॉ. सुदर्शन गुप्ता व जिला संयोजक सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जारी कार्यक्रमों की कड़ी में भारत जागो दौड़ का आयोजन किया गया। 1893 में आज ही के दिन स्वामी जी ने शिकागो के धर्म सम्मेलन को संबोधित करते हुए दुनिया को हिंदू धर्म और संस्कृति की महानता से रूबरू कराया था। स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत बनाने के लिए इस दौड़ के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीयता की नई उर्जा का संचार किया गया है।

वहीं, मुख्य अतिथि ने भी आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को जागना होगा और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयास करने होंगे। देश को विश्व गुरु बनाने की ओर अग्रसर होने की जरूरत है। इस मौके पर ईश्वर शरद, पावन विवेक, ओमकार महाजन, राजेंद्र पेसिफिस्ट, सरदार हरदेव सिंह मुसाफिर, आशुतोष शर्मा, विवेक मेहरा, रघुनंदन सिंह, दिवाकर शर्मा, ज्ञान सिंह पठानिया, देवेंद्र शर्मा, अनिल खजूरिया व अन्य भी मौजूद थे।

वहीं, बिलावर में भी स्वामी विवेकानंद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सैकड़ों युवा भारत जागो दौड़ में शामिल हुए। भारत जागो दौड़ को एसडीएम बिलावर दीप राज कनेथिया, तहसीलदार नरेंद्र कुमार शर्मा और एसएचओ अश्वनी कुमार शर्मा ने गार्डन ऑफ चिल्ड्रन स्कूल देवल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसडीएम ने कहा कि महान संत स्वामी विवेकानंद जी ने भारत की तस्वीर को विश्व के सामने रखा। उन्होंने अपने अध्यात्मिक जीवन के दौरान समाज को नई दिशा दी, जिन्हें आज पूरा विश्व अपना रहा है। उनके सपनों का भारत जागेगा तो विश्व जागेगा, के नारे को हमें सार्थक बनाना है। यही हमारी सच्ची श्रद्धाजंलि स्वामी जी को होगी। इस दौड़ में काफी युवाओं ने भाग लिया। यहां वह देवल से लेकर फिंतर खेल मैदान तक दौड़े। इस मौके पर गुरदीप सिंह, वीएचपी के जिला संयोजक कैप्टन पवन कुमार शर्मा, विकास शर्मा, बलदेव सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment